Friday, 23 June 2017

रेडियो और बचपन

                                             


रेडियो बचपन से मेरे दिनचर्या का अहम हिस्सा रहा है।रेडियो का नाम सुनते ही तमाम स्मृतियां,और संस्मरण आंखों के सामने आ जाते है।आज भी तमाम कार्यक्रमों के समय और नाम ज्यों के त्यों याद है,जैसे 6 बजे का वंदेमातरम पाठ ,7:05 का रामचरित मानस,शाम 7:30 का BBC प्रसारण,विविध भारती पर 8 बजे का हवामहल या रात 8:45 का राष्ट्रीय समाचार।

रेडियो से पहली बार नाता 2003-2004 में भारत के पाकिस्तान दौरे से शुरू हुआ।इसी दौरे में सहवाग का तिहरा शतक ,द्रविड़ के 270 रन और सचिन के 194 रन की पारियों का आंखों देखा हाल सुनने को मिला।रेडियो पर क्रिकेट कमेंट्री सुनने का अपना अलग ही आनंद है।आज भी याद आती है ,विनीत गर्ग की वो मधुर स्वर में की गई क्रिकेट कमेंट्री, संजय बैनर्जी की वो उत्साहवर्धक कमेंट्री,जो बिल्कुल से बोरिंग मैच में भी अपनी आवाज से जान फूंक दिया करती थी।

समाचार आकाशवाणी प्रसारण का अहम हिस्सा रहा है।आज के दौर में जब समाचार व्यापार बन गया है तो इन समाचार वाचको को सुनना एक सुकून सा देता है।तमाम समाचार वाचको की अलग-अलग शैलियों को सुनने का अपना अलग ही आनंद रहा है,चाहे वो अखिल मित्तल,विमलेंदु पांडेय का बेहतरीन समाचार वाचन हो या फिर सरिता बरारा द्वारा तेजी से पढ़े गए खेल समाचार हो। बलादेवानन्द सागर जी द्वारा पढ़ी गयी संस्कृत समाचार की ये पंक्तियां तो जैसे दिल मे बस सी गयी है-"इयं आकाशवाणी सम्प्रति वार्ता: श्रुंयन्ताम ,प्रवाचक: बलादेवानंद सागर:"।


इन सबके अलावा विविधभारती प्रसारण को सुनने का भी अपना अलग आनंद रहा है | सुहाने गीत,हवामहल ,फरमाइशी संगीत के कार्यक्रम ,तमाम बेहतरीन फोनिंग कार्यक्रम मेरे प्रिय कार्यक्रम रहे है | इसके अलावा एफएम पर प्रसारित होने वाले आकाशवाणी-फैज़ाबाद के कार्यक्रमों ने भी बचपन को खुशनुमा बनाने में बेहतरीन योगदान दिया | 

आज के दौर में जब रेडियो जिंदगी से विलुप्त हो रहा है या यूं कहें विलुप्त सा हो गया है,और आकाशवाणी के जीवंत प्रसारणों का स्थान निजी FM चैनलों,TV,और Internet ने ले लिया है,तब ये सब सोचकर भावुक होने का मन करता है। लगता है कुछ दिन बाद मैं भी कहूंगा कि "हम रेडियो सुनने वाली आखिरी पीढ़ी के सदस्य थे"।

2 comments:

  1. पुराने दिनों में खींच लिए बाबू...

    ReplyDelete
    Replies
    1. फिर से पढ़ने के लिए धन्यवाद!

      Delete

ग्रामीण भारत : मौजूदा चुनौतियां

महानगरों में बैठकर हम ग्रामीण भारत की एक अलग ही छवि बनाते है, जैसे एक शांत स्थान, हरे-भरे खेत, सुकून भरी जिंदगी वाला ग्रामीण भारत  | लेक...