किताबों के आखिरी पन्ने
संजोए रखते हैं
कितनी बातें कितनी यादें
किसी कतार में खड़े ,
आखिरी आदमी की तरह
जो देखता रहता है
कितने ही लोगो का
आवागमन,क्रिया-कलाप
अक्सर ये पन्ने होते हैं
कुछ अधलिखे पीले-धुंधले से
वैसे ही जैसे हमारी स्मृतियां
रह जाती है आधी-अधूरी
मिटी हुयी धुंधली सी |
वर्षों बाद कभी अनायास ही
जब पलट देते है उन्हें हम
वो बना देते है
स्मृतियों का एक रेखा-चित्र
यादो का एक इंद्रजाल
जिसमें हम डूबते उतरते रहते है |
--राघवेंद्र
No comments:
Post a Comment